आप सभी को, प्रभु और उद्धारकर्ता यीशु मसीह के नाम में मेरा अभिवादन ।
यदि आप इस पीढ़ी के महान व्यक्तित्वों को देखते हैं, तो आप पाएंगे कि उनमें से प्रत्येक के पास वफादार सलाहकार थे। और उनकी सलाह ने उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उदाहरण के लिए मार्क जकरबर्ग जो फेसबुक के सह संस्थापक हैं, इनके सलाहकार थे एप्प्ल कंपनी के सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स। बिल गेट्स जो माइक्रोसॉफ्ट के सह संस्थापक हैं, इनके सलाहकार थे दुनिया के महान निवेशक वारेन बफेट। और रिचर्ड ब्रानसन जो वर्जिन एटलांटिक एयरलाइंस के संस्थापक हैं, इनके सलाहकार थे लेकर एयरवेज के संस्थापक सर फ्रेडी लेकर।
इसी तरह बाइबल में हम बरनबास को पौलुस और मरकुस के भरोसेमंद सलाहकार के रूप में देख सकते हैं। बरनबास अपने स्वभाव के कारण, प्रेरितों के बीच बहुत प्रतिष्ठित था। प्रेरितों ने उसे बरनबास नाम दिया था, जिसका अर्थ है “प्रोत्साहन का पुत्र”।
इन घटनाओं के बाद लगभग नौ साल बीत चुके थे और पौलुस अभी भी अपनी मातृभूमि तरसुस में रहता था। कौन जानता है कि उस समय उसके दिमाग में क्या चल रहा था? क्या वह परमेश्वर के समय की प्रतीक्षा कर रहा था? क्या वह नए नियम की तस्वीर से बाहर निकल रहा था? क्या वह अपनी मातृभूमि में बसने और प्रोफेसर बनने जा रहा था? हमें नहीं पता कि उसकी योजनाएँ क्या थीं। केवल एक चीज हमें पता है कि बरनबास तरसुस में पौलुस की तलाश में गया और उसने पौलुस को पाया। वह उसे अन्ताकिया ले आया और उसे सक्रिय मसीही सेवा में मिला दिया जिसने उसके जीवन और बाकी के इतिहास को बदल दिया। बरनबास ने नए नियम का एक शब्द भी नहीं लिखा। लेकिन बरनबास ने पौलुस के जीवन में वफादार सलाहकार की भूमिका निभाई। उसने पौलुस को प्रोत्साहित किया। बाद में हम देख सकते हैं कि इस पौलुस ने लगभग पचास प्रतिशत नए नियम की किताबो को लिखा। बरनबास वह प्रेरक शक्ति था जिसके माध्यम से पौलुस विश्वास के जीवन की ऊंचाइयों तक पहुंचा।
जब पौलुस ने बरनबास को दूसरी मिशनरी यात्रा का प्रस्ताव दिया, तो मरकुस के बारे में उनके बीच मतभेद पैदा हो गए। पौलुस ने उसे लेने से इनकार कर दिया क्योंकि मरकुस पहली मिशनरी यात्रा के बीच में ही बाहर हो गया था और यरूशलेम में अपनी माँ के घर लौट आया था । पौलुस की नज़र में, मरकुस एक कायर और अविश्वसनीय व्यक्ति था। लेकिन दूसरों को प्रोत्साहित करने वाले बरनबास ने मरकुस को अपने साथ ले जाने पर जोर दिया। इस घटना ने पौलुस और बरनबास को अलग कर दिया।
बरनबास मरकुस को अपने साथ ले गया और उसे मसीही सेवा में प्रोत्साहित किया। बाद में यह युवक मसीह के योग्य सेवक बन गया, और यहां तक कि बाद में पौलुस ने भी इस बात को स्वीकार किया। 2 तीमुथियुस 4:11 में पौलुस कहता है “मरकुस को लेकर चला आ; क्योंकि सेवा के लिये वह मेरे बहुत काम का है”। बाद में, मरकुस ने नए नियम की एक पुस्तक भी लिखी। मरकुस ने भी विश्वास के जीवन की ऊंचाइयों को हसिल किया ।
बरनबास के पास खुद को बड़ा दिखाने की कोई महत्वाकांक्षा नहीं थी। उसने दूसरों की प्रसिद्धि और सफलता की परवाह खुद से ज्यादा की। यरूशलेम में चेलों ने पौलुस के भयानक इतिहास को देखा। पौलुस ने मरकुस में पिछली विफलता देखी। लेकिन बरनबास ने दोनों में एक उज्ज्वल भविष्य देखा।
आने वाले दिनों में हमारी पीढ़ी के कई युवाओं के भरोसेमंद सलाहकार बनने में और उन्हें मसीही सेवा में प्रोत्साहित करने में परमेश्वर हमारी मदद करें। प्रभु आप सबको आशिष दे।