मरकुस-असफलताओं के बीच सफलता का प्रतीक

आप सभी को, प्रभु और उद्धारकर्ता यीशु मसीह के नाम में मेरा अभिवादन ।

मरकुस 14: 51-52 में हम, गिरफ्तार यीशु के पीछे एक युवक को जाते देखते हैं। उसने अपने नंगे शरीर पर केवल चादर ओढ़ा था। जब भीड़ ने उसे पकड़ा, तो वह अपने चादर को पीछे छोड़कर नंगा भाग गया। बाइबल के कई विद्वान इस बात से सहमत हैं कि यह युवक और कोई नहीं बल्कि खुद मरकुस था। वह यीशु के पीछे चलना चाहता था, लेकिन जब यीशु के साथ जुड़ने के कारण कठिनाई पैदा हुई, तो उसने अपना वस्त्र भी छोड़ दिया और नंगा भाग गया। वह यीशु का अनुसरण करना चाहता था लेकिन वह असफल रहा।

प्रथम मिशनरी यात्रा के दौरान मरकुस, पौलुस और बरनबास का सहायक था। लेकिन अचानक हम मरकुस को उन्हें छोड़कर यरूशलेम लौटते हुए देखते हैं। हम ठीक से नहीं जानते कि क्यों मरकुस वापस यरूशलेम लौट गया (प्रेरितों 13:5-13)। शायद, मिशनरी जीवन की कठिनाइयों ने उसे आगे बढ़ने से रोक दिया और उसे यरूशलेम में अपने घर के सुखद जीवन में वापस खींच लिया और मरकुस अपने कर्त्तव्य को छोड़कर भाग आया। मरकुस के गैरजिम्मेदाराना व्यवहार के कारण, पौलुस ने दूसरी मिशनरी यात्रा के लिए उसे लेने से लगातार इनकार कर दिया। यहां भी हमें मरकुस के जीवन में असफलता ही नजर आती है। मरकुस असफलता का प्रतीक बन गया था।

इस घटना के बाद, मरकुस दस साल के लिए नए नियम के इतिहास से गायब हो जाता है। दस साल बाद उसका नाम फिर दिखाई देता है कुलुस्सियों की पत्री  में और फिलेमोन की पत्री  में जिसे पौलुस ने रॉम में अपने प्रथम कारावास के दौरान लिखा था। कुलुस्सियों 4:10,11 में पौलुस लिखता है “अरिस्तर्खुस जो मेरे साथ कैदी है, और मरकुस जो बरनबास का भाई लगता है। जिसके विषय में तुम ने निर्देश पाया था कि यदि वह तुम्हारे पास आए, तो उससे अच्छी तरह व्यवहार करना। और यीशु जो यूस्तुस कहलाता है, तुम्हें नमस्कार कहते हैं। खतना किए हुए लोगों में से केवल ये ही परमेश्‍वर के राज्य के लिये मेरे सहकर्मी और मेरे लिए सांत्वना ठहरे हैं।” फिलेमोन की पत्री 1:24 में पौलुस लिखता है “और मरकुस और अरिस्तर्खुस और देमास और लूका जो मेरे सहकर्मी है; इनका तुझे नमस्कार।”

एक समय था जब पौलुस को मरकुस की संगत पसंद नहीं थी। लेकिन इस दस वर्षों के दौरान कुछ बदल गया और मरकुस पौलुस के लिए एक सहकर्मी और सांत्वना बन गया। उनके बीच यह करीबी रिश्ता पौलुस की मृत्यु तक बना रहा। वर्षों बाद, रोम में अपने दूसरे कारावास के दौरान जब पौलुस अपनी मृत्यु के करीब था, तब 2 तीमुथियुस 4:11 में वह लिखता है “मरकुस को लेकर चला आ; क्योंकि सेवा के लिये वह मेरे बहुत काम का है।“ हम देखते हैं कि मरकुस अब प्रेरित पौलुस का अनमोल साथी बन गया था।

इतना ही नहीं, मरकुस, प्रेरित पतरस का भी एक अनमोल साथी बन गया था। 1 पतरस 5:13 में वह लिखता है “जो बाबुल में तुम्हारी नाईं चुने हुए लोग हैं, वह और मेरा पुत्र मरकुस तुम्हें नमस्कार कहते हैं।” और पवित्र आत्मा ने मरकुस को बाइबिल के एक सुसमाचार को लिखने के लिए उपयोग किया।

मरकुस जिसे मुश्किलों को देखकर भागने की आदत थी,जो बेवफा, कायर, कमज़ोर और अपरिपक्व था प्रभु यीशु ने उसका जीवन बदल दिया। और उसको को नए नियम के दो महान प्रेरितों, पौलुस और पतरस, के अनमोल साथी होने का और बाइबिल के एक सुसमाचार को लिखने का सौभाग्य दिया। मरकुस जो विफलता का प्रतीक था प्रभु यीशु ने उसे विफलताओं के बीच सफलता का प्रतीक बना दिया।

मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, यीशु के पीछे चलने की हमारी कोशिश में कई बार हमने भी विफलता के चरण को चूमा है। लेकिन मरकुस का जीवन हमें सिखाता है कि परमेश्वर कमजोर और असफल लोगों का उपयोग करता है। यदि आप गिर गए हैं, तो वापस उठो और फिर से मसीह की ओर देखो! यशायाह 42:3 में लिखा है “कुचले हुए नरकट को वह न तोड़ेगा और न टिमटिमाती बत्ती को बुझाएगा।” प्रभु आप सबको आशिष दे।

Leave a Reply